एआरबी टाइम्स ब्यूरो, हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर बस स्टैंड पर सदर थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बस से उतरते ही दो युवकों को दबोच लिया। दोनों आरोपी कथित रूप से होशियारपुर से चिट्टा लेकर हमीरपुर पहुंचे थे, जिनकी तलाशी लेने पर 105.23 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।
आरोपियों की पहचान रजत पुत्र ओम प्रकाश निवासी वार्ड नंबर 2, नगर निगम हमीरपुर और आयुश पुत्र संजय कुमार निवासी गांव छयोही, डाकघर पंतेहड़ा, तहसील घुमारवीं, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार युवकों में से एक शहर के प्रतिष्ठित कॉलेज में पढ़ाई कर रहा है।
पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बरामद चिट्टे की बाज़ार कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है। एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि मामले की आगे छानबीन जारी है और जांच के आधार पर नशा सप्लाई चेन की कड़ियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
