एआरबी टाइम्स ब्यूरो, हमीरपुर
हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर सदर थाना के तहत पुलिस ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही रात में बैंक अधिकारी सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चिट्टा माफिया की कमर तोड़ दी है। पुलिस की इस कार्रवाई में करीब 18 ग्राम से अधिक चिट्टा और 26,200 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
पहला मामला: होटल में छापेमारी
पहले मामले में पुलिस ने मट्टनसिद्ध स्थित एक निजी होटल में दबिश देकर पारस पुत्र परमजीत सिंह (निवासी पृथ्वी नगर, जालंधर), उसके साथी रोहित (अजय सेंट्रल टाउन, जालंधर) और अंकुर शर्मा (निवासी नादौन) को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 6.38 ग्राम चिट्टा और 26,200 रुपये नकद बरामद किए गए।
दूसरा मामला: प्रतापनगर से युवक गिरफ्तार
दूसरे मामले में प्रतापनगर वार्ड नंबर-40 के निवासी सूर्यांश पुत्र राकेश कुमार को 5.7 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया गया।
तीसरा मामला: बैंक अधिकारी भी चपेट में
तीसरे मामले में पुलिस ने बैंक अधिकारी गगनदीप पुत्र प्रीतम (निवासी बैरी, बड़सर) को 6.84 ग्राम चिट्टा के साथ गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि मुख्य सप्लायर पारस ने ही गगनदीप को शुक्रवार दोपहर चिट्टा सप्लाई किया था।
मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी से बड़ा खुलासा
पुलिस के अनुसार पारस ही हमीरपुर क्षेत्र में चिट्टा सप्लाई का मुख्य सरगना था, जो युवाओं को नशे की दलदल में धकेल रहा था। उसकी गिरफ्तारी से नेटवर्क के कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
पुलिस का बयान
एसपी बलवीर सिंह ठाकुर ने पुष्टि की कि सभी पांच आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया मामले की गंभीरता से जांच जारी है।
