एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
रामपुर के वार्ड नंबर चार स्थित महावीर मोहल्ला के प्राचीन महावीर मंदिर में इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। मंदिर कमेटी द्वारा इस अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें स्थानीय श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।
2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव के शुभ अवसर पर बुशहर की सुख-समृद्धि, शांति और क्षेत्रवासियों के उत्तम स्वास्थ्य की कामना के साथ अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया जाएगा। इसी दिन संकट मोचन महावीर मंदिर परिसर में प्रसाद वितरण भी किया जाएगा। साथ ही रामलीला क्लब रामपुर द्वारा संकट मोचन श्री हनुमान जी की भव्य झांकी निकाली जाएगी, जो राज दरबार से गांधी पार्क तक जाएगी।
इसके अलावा, 4 अप्रैल (शनिवार) को रात्रि जागरण का आयोजन होगा। 5 अप्रैल (रविवार) को सुबह 5:30 बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी, जिसके बाद 7:00 बजे प्रातःकालीन आरती संपन्न होगी। इसी दिन हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ का विधि-विधान से हवन और कन्या पूजन के साथ समापन किया जाएगा। कार्यक्रम के समापन अवसर पर दोपहर 12:30 बजे वार्षिक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।
मंदिर कमेटी ने बताया कि वह लंबे समय से धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन करती आ रही है। कमेटी का उद्देश्य बुशहर वासियों पर हनुमान जी का आशीर्वाद बनाए रखना और इस प्राचीन एवं ऐतिहासिक मंदिर की पहचान को बनाए रखना है।
