एआरबी टाइम्स ब्यूरो | सिरमौर
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के रेणुका विधानसभा क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बांदल-सुराख मार्ग पर खाला क्यार के पास एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, कार करीब 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसा इतना भयानक था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में 36 वर्षीय अनिल कुमार निवासी खाला क्यार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 48 वर्षीय गुमान सिंह निवासी धार टारन गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। घायल गुमान सिंह को उपचार के लिए नाहन मेडिकल कॉलेज ले जाया जा रहा था, लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
भावानगर में खाई में गिरने से दो युवकों की मौत
हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के भावनगर क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसमें दो युवकों की खाई में गिरने से मौत हो गई। यह घटना डेट-सुंगरा के पास हुई, जहां दोनों युवक सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गए। मृतकों की पहचान भावानगर (निचार) निवासी अंकित और पानवी निवासी संजीव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अंकित का शव सड़क से करीब 10 मीटर नीचे खाई में मिला, जबकि संजीव का शव लगभग 120 फीट गहरी खाई से बरामद किया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और प्रशासन मौके पर पहुंचे और तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शवों को खाई से बाहर निकाला गया।
