एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के कांगड़ा जिले के तपोवन में आयोजित होने वाले शीतकालीन सत्र 2025 की तिथियां तय हो गई हैं।विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने मंगलवार को जानकारी दी कि इस वर्ष का सत्र 26 नवंबर से 5 दिसंबर 2025 तक चलेगा।उन्होंने बताया कि इस बार कुल 8 बैठकें आयोजित की जाएंगी। राज्यपाल की संस्तुति प्राप्त होने के बाद विधानसभा सचिवालय की ओर से सत्र की अधिसूचना जारी कर दी गई है। अब विधानसभा सदस्य अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित सूचनाएं ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से भेज सकेंगे। पठानियां ने बताया कि शीतकालीन सत्र का शुभारंभ 26 नवंबर को पूर्वाह्न 11 बजे किया जाएगा। पहले दिन शोकोदगार (Obituary References) होंगे। 4 दिसंबर को गैर-सरकारी सदस्य कार्य दिवस (Private Members’ Business Day) निर्धारित किया गया है। सत्र के दौरान 29 और 30 नवंबर को अवकाश रहेगा। शेष दिनों में प्रश्नकाल, सरकारी विधेयक, नीतिगत चर्चाएं और राज्य सरकार से संबंधित अन्य विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
अब तक का सबसे बड़ा शीतकालीन सत्र
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि धर्मशाला तपोवन में आयोजित किया जाने वाला यह अब तक का सबसे बड़ा शीतकालीन सत्र होगा क्योंकि इसमें कुल आठ बैठकें निर्धारित हैं। उन्होंने कहा कि यह सत्र प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण रहेगा, क्योंकि इसमें राज्य सरकार के कई अहम विधेयक और नीतिगत निर्णय चर्चा के लिए लाए जाएंगे। उन्होंने सभी विधायकों से अपेक्षा जताई कि वे सत्र में अधिकतम उपस्थिति दर्ज कराकर प्रदेश हित में रचनात्मक चर्चा करें।
और पढ़ें >> हमीरपुर में बनेगा अत्याधुनिक सड़क सुरक्षा नियंत्रण एवं कमांड सेंटर, 30 करोड़ होंगे खर्च
