एआरबी टाइम्स ब्यूरो | चंबा / कांगड़ा
हिमाचल प्रदेश में बुधवार को दो अलग-अलग जिलों से बेहद दुखद घटनाएं सामने आईं। चंबा में सातवीं कक्षा की एक छात्रा ने परीक्षा देने के बाद रावी नदी में कूदकर अपनी जान दे दी, जबकि कांगड़ा जिले के नूरपुर क्षेत्र में लापता सातवीं कक्षा के छात्र का शव खड्ड से बरामद हुआ है। छात्रों ने नदी में कूदकर सुसाइड क्यों किया और छात्र की मौत कैसे हुई, इस पर संयश बरकरार है। शुरुआती तौर पर दोनों मामलों में अलग-अलग परिस्थितियां सामने आ रही हैं, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।
परीक्षा के बाद रावी नदी में कूदी छात्रा
जानकारी के अनुसार रावी नदी के किनारे यह घटना उस समय हुई जब छात्रा परीक्षा देकर घर लौट रही थी। पुलिस के मुताबिक छात्रा दोपहर करीब दो बजे परीक्षा खत्म होने के बाद अपनी सहेली के साथ घर की ओर निकली थी। रास्ते में उसने सहेली से कहा कि वह दूसरे रास्ते से जाएगी और फिर सीधे नदी की ओर चली गई। कुछ ही देर बाद छात्रा ने रावी नदी में छलांग लगा दी। पास से गुजर रहे कुछ युवकों ने पानी में शव तैरता देखा तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने तुरंत नदी में उतरकर छात्रा को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा के शव गृह में रखवाया गया। छात्रा चुराह क्षेत्र की रहने वाली थी और अपने बड़े भाई के साथ चंबा में किराये के कमरे में रहती थी। उसका भाई 11वीं कक्षा में पढ़ता है।
नूरपुर में लापता छात्र का शव खड्ड में मिला
दूसरी घटना कांगड़ा जिले के नूरपुर क्षेत्र में सामने आई है। यहां खैरियां पंचायत के सातवीं कक्षा के छात्र का शव गरेली खड्ड में मिला है। छात्र मंगलवार सुबह घर से परीक्षा देने स्कूल गया था, लेकिन परीक्षा समाप्त होने के बाद वह घर वापस नहीं पहुंचा। परिजनों ने देर रात तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को स्थानीय लोगों ने खड्ड में एक शव पड़ा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकाला और उसकी पहचान लापता छात्र के रूप में की।
