एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) को आखिरकार नया अध्यक्ष मिल गया है। रेणुका से तीसरी बार विधायक और पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार को कांग्रेस हाईकमान ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने आधिकारिक पत्र जारी कर उनकी नियुक्ति की पुष्टि की।
इसी पत्र में लंबे समय तक कार्यकारी अध्यक्ष रहीं प्रतिभा सिंह की सेवाओं की भी सराहना की गई है। प्रदेश कार्यकारिणी भंग होने के बाद लंबे समय से नए अध्यक्ष की तैनाती को लेकर संशय बना हुआ था। अब हाईकमान ने मंथन के बाद विनय कुमार को अध्यक्ष बनाकर हिमाचल कांग्रेस को स्थिर नेतृत्व और नई दिशा दी है।
विधानसभा उपाध्यक्ष पद से दिया इस्तीफा
नए दायित्व की घोषणा से पहले ही विनय कुमार हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष पद को संभालने की तैयारी में विधानसभा उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके थे। उनका यह कदम इस बात का संकेत है कि वे संगठन को मजबूत करने और प्रदेश में राजनीतिक समीकरणों को साधने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ काम करने के इच्छुक हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने उनका त्यागपत्र तुरंत स्वीकार कर लिया। विनय कुमार अनुसूचित जाति (एससी) समुदाय से आते हैं और रेणुका एक आरक्षित सीट है। राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार, कांग्रेस ने यह नियुक्ति 2027 के विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए सामाजिक समीकरणों का संतुलन साधने के लिए की है। हिमाचल में राजपूतों के बाद एससी समुदाय की सबसे बड़ी आबादी है, ऐसे में पार्टी हाईकमान का यह कदम रणनीतिक बदलाव माना जा रहा है।
नई जिम्मेदारियों के साथ बड़ी चुनौतियां
नए अध्यक्ष के रूप में विनय कुमार के सामने कई अहम चुनौतियां होंगी। इनमें संगठन को मजबूत करना, विभिन्न विंग्स के बीच बेहतर समन्वय और 2027 चुनावों में कांग्रेस को दोबारा सत्ता में लाना है। विनय कुमार संगठन में कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभा चुके हैं। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का करीबी और मौजूदा CM सुखविंदर सिंह सुक्खू से भी अच्छे संबंधों वाला नेता माना जाता है, जिससे वे संगठन और सरकार के बीच संतुलन बनाए रखने में सक्षम हैं।
पहली परीक्षा: पंचायती राज संस्थाओं और निकाय चुनाव
जनवरी में पंचायतों का कार्यकाल पूरा हो रहा है और उसके बाद किसी भी समय पंचायती राज व नगर निकाय चुनाव घोषित हो सकते हैं। ये चुनाव सीधे तौर पर संगठन की क्षमता और नेतृत्व की पहली परीक्षा होंगे। कांग्रेस पहले से ही चुनावी तैयारियों में जुटी है और नए अध्यक्ष के आने से इसमें गति आने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने विनय कुमार को हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में संगठन और अधिक मजबूत होगा और पार्टी नए उत्साह के साथ काम करेगी।
और पढ़ें
>> लोनिवि मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने अनोखी डाली मेले में की शिरकत, 2600 बीघा में बनेगा नया सेटेलाइट टाउन
>> भाजपा का कांग्रेस पर तीखा प्रहार : वादे अधूरे, फिर जश्न किस बात का ? 4 दिसंबर को धर्मशाला में प्रदर्शन का एलान
