एआरबी टाइम्स ब्यूरो, ऊना
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले की बैरियां पंचायत निवासी 24 वर्षीय अंशिका ठाकुर हत्याकांड में बड़ा अपडेट सामने आया है। पुलिस ने अंशिका के होने वाले पति प्रवेश कुमार और चाचा ससुर संजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है।
शादी से एक दिन पहले मिली थी लाश
मंगलवार को अंशिका का अधजला शव सड़क किनारे पुलिया के नीचे मिला था। मामले की छानबीन और मां के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया। अंशिका की मां सुरेंद्रा देवी ने पुलिस को बताया कि करीब 4–5 महीने पहले उनकी बेटी ने भिंडला निवासी प्रवेश कुमार से कोर्ट मैरिज की थी। प्रवेश कुमार सेना में तैनात है। लेकिन प्रवेश का चाचा संजीव कुमार (सेवानिवृत्त फौजी) इस रिश्ते से खुश नहीं था और अक्सर अंशिका व परिवार को धमकियां देता था। सुरेंद्रा देवी ने यह भी बताया कि उनकी बेटी चार माह की गर्भवती थी और 24 सितंबर को हिंदू रीति-रिवाज से शादी होने वाली थी।
22 सितंबर की रात अंशिका ने फोन पर प्रवेश को बताया कि संजीव कुमार उसे धमका रहा है। उसी रात वह सोने चली गई, लेकिन अगली सुबह गायब मिली। 23 सितंबर की शाम को बैरियां मंजड के पास उसका अधजला शव बरामद हुआ। परिजनों का आरोप है कि आरोपियों ने पहले अंशिका का गला रेतकर हत्या की और बाद में शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की। बंगाणा पुलिस ने सुरेंद्रा देवी के बयान पर हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और वारदात के पीछे असली मकसद का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
ये भी पढ़ें
>> ऊना में शादी से एक दिन पहले युवती की हत्या, अधजला शव मिला
