एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप ठाकुर और महासचिव भरत शर्मा ने जारी की गई उच्च वेतनमान अधिसूचना को वापस लेने के निर्णय का हार्दिक स्वागत किया है। महासंघ ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पूरी कैबिनेट का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला कर्मचारियों के हित में एक बड़ा कदम है।
अब 89 विभागीय कैटेगिरी को पहले की तरह ही उच्च वेतनमान मिलता रहेगा, जिससे हजारों कर्मचारियों को राहत मिलेगी। महासंघ ने सरकार से यह भी आग्रह किया है कि जो लेफ्ट आउट कैटेगिरी 2022 में छूट गई थीं, उन्हें भी इस वेतनमान का लाभ दिया जाए, ताकि सभी को समान लाभ मिल सके।
प्रदीप ठाकुर ने कहा कि यह निर्णय कर्मचारियों की समस्याओं को समझते हुए लिया गया है और इससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि महासंघ भविष्य में भी कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए सक्रिय रहेगा।
इसके अतिरिक्त, कैबिनेट द्वारा विभिन्न विभागों में रिक्त पदों को भरने का जो निर्णय लिया गया है, उसके लिए भी महासंघ ने आभार व्यक्त किया। महासंघ का मानना है कि इससे एक ओर बेरोजगार युवाओं को रोजगार मिलेगा, वहीं विभागों में कार्यरत कर्मचारियों पर कार्यभार भी कम होगा।
