एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
Himachal IPS Transfer : हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 12 आईपीएस अधिकारियों के तबादले और नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। वीरवार शाम को गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना में कई जिलों के पुलिस अधीक्षक बदले गए हैं, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। यह कदम कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
एसपी सोलन गौरव सिंह को अब पुलिस अधीक्षक शिमला बनाया गया है। सचिन को एसपी ऊना और तिरुमलाराजू एसडी वर्मा को पुलिस अधीक्षक सोलन नियुक्त किया गया है। वहीं, साक्षी वर्मा को पुलिस अधीक्षक, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, मंडी लगाया गया है। एचपीएस अधिकारी विनोद कुमार-1 को पुलिस अधीक्षक मंडी नियुक्त किया गया है।
तैनाती की प्रतीक्षा कर रहे अभिषेक दुल्लर को पुलिस महानिरीक्षक (संचार एवं तकनीकी सेवाएं) नियुक्त किया गया है। डीके चौधरी को पुलिस महानिरीक्षक, सशस्त्र पुलिस एवं प्रशिक्षण डरोह की जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीआईजी सौम्या सांबशिवन (उत्तरी रेंज) अब पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज डरोह के प्रिंसिपल का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगी। रोहित मालपानी को उप पुलिस महानिरीक्षक साइबर क्राइम, शिमला लगाया गया है। डॉ. रमेश चंद्र छाजटा, जो एसपी (लीव रिजर्व) थे, को उप महानिरीक्षक पुलिस, जेल एवं सुधार सेवाएं नियुक्त किया गया है। एसपी स्पेशल टास्क फोर्स मंडी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे दिवाकर शर्मा को उप महानिरीक्षक इंटेलिजेंस एंड सिक्योरिटी, धर्मशाला की जिम्मेदारी दी गई है।
अरविंद चौधरी को कमांडेंट, चौथी इंडियन रिजर्व बटालियन जंगलबेरी नियुक्त किया गया है। संदीप कुमार भारद्वाज को राज्यपाल का एडीसी बनाया गया है। जबकि एसपी शिमला संजीव कुमार गांधी को डीआईजी पद पर पदोन्नत होने के बाद कार्मिक विभाग के अधीन किया गया है। एसपी ऊना अमित यादव और डीआईजी इंटेलिजेंस एवं सिक्योरिटी धर्मशाला रमन शर्मा को तत्काल पुलिस मुख्यालय शिमला में रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।
