एआरबी टाइम्स ब्यूरो
घुमारवीं (बिलासपुर)। नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने वीरवार घुमारवीं में आयोजित दो दिवसीय सीर उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया। शुभारंभ से पहले उन्होंने पवित्र रुक्मणी कुंड में पूजा-अर्चना की और कुंड के जल को घुमारवीं की सीर खड्ड में प्रवाहित किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी सहज राम भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान राजेश धर्माणी ने गांधी चौक में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और आयोजित योग सत्र में भाग लिया। उन्होंने लोगों से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। इसके बाद नरसिंह मंदिर में पूजा-अर्चना और कन्या पूजन किया गया। पुराना बस स्टैंड से गांधी चौक होते हुए सीर खड्ड तक निकाली गई भव्य शोभायात्रा में भी उन्होंने सहभागिता की और गौ पूजन के साथ इसका समापन किया।
धर्माणी ने कहा कि ‘सीर’ का अर्थ है निरंतर बहने वाली धारा। सीर उत्सव का उद्देश्य प्राचीन परंपराओं और संस्कारों को आधुनिक तकनीकों के साथ जोड़कर आगे बढ़ाना है ताकि आने वाली पीढ़ियां उच्च मूल्यों से परिचित हो सकें। उन्होंने कहा कि यह उत्सव सांस्कृतिक, सामाजिक और एकजुटता का सशक्त संदेश देता है। समाज में ऐसा वातावरण बनाना आवश्यक है, जिसमें सभी वर्ग और समुदाय मिलकर त्योहार मनाएं।
राजेश धर्माणी ने कहा कि योग व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ बनाता है और सकारात्मक ऊर्जा देता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि भूमि उपलब्ध करवाई जाती है तो यहां नियमित रूप से योग सत्र आयोजित किए जाएंगे और आवश्यक सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।