एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
केंद्र सरकार ने गुरुवार देर रात देश के कई राज्यों में राज्यपाल बदले हैं। इस क्रम में जम्मू के कविंद्र गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं, हिमाचल के मौजूदा राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को अब तेलंगाना की जिम्मेदारी सौंपी गई है।राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार हिमाचल प्रदेश और लद्दाख सहित देश के कुल नौ राज्यों में राज्यपालों की नियुक्तियों और तबादलों में बदलाव किया गया है।
लद्दाख के उप-राज्यपाल थे कविंद्र गुप्ता
हिमाचल के नए राज्यपाल कविंद्र गुप्ता इससे पहले लद्दाख के उप-राज्यपाल के रूप में कार्य कर रहे थे। उन्होंने 18 जुलाई 2025 को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के तीसरे उप-राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। करीब नौ महीने तक इस पद पर सेवाएं देने के बाद उन्होंने हाल ही में अपने पद से इस्तीफा दिया और अब उन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। 66 वर्षीय कविंद्र गुप्ता का राजनीतिक जीवन काफी लंबा रहा है। वे जम्मू की राजनीति में लंबे समय तक सक्रिय रहे और लगातार तीन बार जम्मू के महापौर (मेयर) चुने गए।उन्होंने भाजपा की जम्मू-कश्मीर इकाई में महासचिव के रूप में भी काम किया है। इसके अलावा 1993 से 1998 तक वे भाजयुमो की जम्मू-कश्मीर इकाई के अध्यक्ष भी रहे। वे जम्मू-कश्मीर में स्पीकर और उप मुख्यमंत्री भी रहे हैं।
शिव प्रताप शुक्ल को मिली तेलंगाना की जिम्मेदारी

हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल को अब तेलंगाना का राज्यपाल बनाया गया है। उन्होंने 18 फरवरी 2023 को हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में शपथ ली थी और लगभग तीन वर्ष तक इस पद पर अपनी सेवाएं दीं। उनके कार्यकाल के दौरान हिमाचल में कई महत्वपूर्ण संवैधानिक और प्रशासनिक फैसलों में राज्यपाल की भूमिका रही।
इन राज्यों में भी बदले गए राज्यपाल
राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से जारी आदेशों के अनुसार कई अन्य राज्यों में भी राज्यपाल बदले गए हैं। पूर्व राजनयिक तरनजीत सिंह संधु को दिल्ली का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं ,जिष्णु देव वर्मा को जो पहले तेलंगाना के राज्यपाल थे, अब महाराष्ट्र के राज्यपाल होंगे। नंद किशोर यादव को नगालैंड का राज्यपाल बनाया गया है, जबकि लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर अभी Kerala के राज्यपाल हैं, उन्हें तमिलनाडु का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही वीके सक्सेना जो वर्तमान में दिल्ली के राज्यपाल हैं, उन्हें लद्दाख का नया उप-राज्यपाल बनाया गया है।
