एआरबी टाइम्स ब्यूरो | बिलासपुर
1905 कांगड़ा भूकंप की स्मृति में जिला मुख्यालय बिलासपुर में उपायुक्त कार्यालय परिसर में मॉक ड्रिल और जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अतिरिक्त उपायुक्त ओम कांत ठाकुर ने की।
यह आयोजन जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) के सौजन्य से किया गया, जिसका उद्देश्य आमजन को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना और आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों की तत्परता व समन्वय का आकलन करना था। इस अवसर पर डीडीएमए के स्वयंसेवकों द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को भूकंप जैसी आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों, त्वरित प्रतिक्रिया और सुरक्षित स्थानों की पहचान के बारे में जानकारी दी गई।

जवानों ने भूकंप की स्थिति में बचाव पर दी जानकारी
मॉक ड्रिल के दौरान होमगार्ड के जवानों ने भूकंप की स्थिति में बचाव एवं राहत कार्यों का सजीव प्रदर्शन किया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाकर उपचार सुनिश्चित किया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग, उपायुक्त कार्यालय के कर्मचारी और स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस दौरान जिला राजस्व अधिकारी नीलाक्ष शर्मा ने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास न केवल विभागीय समन्वय को मजबूत करते हैं, बल्कि आमजन को भी आपदा के प्रति जागरूक और सतर्क बनाते हैं।
