एआरबी टाइम्स ब्यूरो | कुल्लू
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के सोझा गांव के पास शनिवार देर शाम पर्यटकों की टेंपो ट्रैवलर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में गाड़ी में सवार 22 लोगों में से 4 की मौत हो गई। जबकि 18 पर्यटक घायल हैं। घायलों का बंजार अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसे के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार टेंपो ट्रैवलर जलोड़ी दर्रा से जिभी जा रही थी। दिल्ली नंबर की इस गाड़ी में पर्यटक जलोड़ी पास घूमने निकले थे और वापसी में उनके साथ हादसा हो गया। पुलिस के अनुसार, शनिवार शाम करीब 8:30 बजे सोझा मोड़ के पास गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बुरी तरह से जख्मी हुए चार पर्यटकों ने मौके पर दम तोड़ दिया। हादसे के बारे में पता चलते ही बड़ी संख्या में लोग राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। लोगों ने पुलिस के साथ गहरी खाई में उतरकर 18 घायलों को निकाला और उपचार के लिए बंजार अस्पताल भेजा।
रेस्क्यू ऑपरेशन देर रात तक चला
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस, प्रशासन और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को निकालने के लिए तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। कई घायल झाड़ियों में फंसे थे। देर रात तक लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलता। मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। जबकि घायलों में मोहित, गिन्नी, अरहम, आयुषी, फिजा, मोहतीन, दीपाली, कर्ण, अभिनव, आदित्य, अनुराग, आंचल, आर्य, मदूप, निकिता और रोहित मेहरा आदि शामिल हैं। ये सभी दिल्ली के बताए जा रहे हैं।
