एआरबी टाइम्स ब्यूरो | रामपुर बुशहर
ब्लॉक कांग्रेस एससी विभाग रामपुर के अध्यक्ष पद पर चुनी लाल जिंटा को लगातार तीसरी बार चुना गया है। रामपुर पहुंचने पर विभाग के पूर्व पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर कांग्रेस महासचिव रिपुदमन कंवर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
नवनियुक्त अध्यक्ष चुनी लाल जिंटा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद प्रतिभा सिंह तथा स्थानीय विधायक नंद लाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे संगठन को मजबूत करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे और अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस से जोड़ने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने बताया कि पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के संगठन सृजन अभियान के तहत 4 अप्रैल को शिमला में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में प्रदेश प्रभारी एवं हरियाणा के राज्यसभा सांसद कर्मवीर सिंह बौद्ध, एससी विभाग के कार्यकारी अध्यक्ष जीवन कुमार तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार भी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि 14 अप्रैल को रामपुर में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। साथ ही आगामी पंचायती राज चुनाव को लेकर पार्टी हाईकमान के साथ बैठक कर रणनीति बनाई जाएगी, ताकि पंचायतों में अधिक से अधिक कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित की जा सके।
इस मौके पर तेजू सिंह, डीडी कश्यप, रतन डोगरा, मोहन भाटिया, पदमा कुमारी, इंदू बाला, विमल और गोविंद सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य भी उपस्थित रहे।
