एआरबी टाइम्स ब्यूरो | नाहन
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की देवामानल पंचायत में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में खड्ड में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई है। मृतक बच्चों की पहचान आठ वर्षीय आयान और नौ वर्षीय अभिनव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों बच्चे अपने पिता के साथ घर के पास स्थित खड्ड के किनारे गए थे।
बताया जा रहा है कि उस समय उनके पिता किसी काम में व्यस्त थे। इसी दौरान संकरे रास्ते से गुजरते समय आयान का पैर फिसल गया और वह खड्ड में गिर गया। छोटे भाई को पानी में गिरता देख बड़ा भाई अभिनव उसे बचाने के लिए तुरंत आगे बढ़ा, लेकिन वह भी संतुलन खो बैठा और खड्ड के गहरे पानी में जा गिरा। बताया जा रहा है कि दोनों भाई काफी देर तक एक-दूसरे को बचाने के लिए संघर्ष करते रहे, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण बाहर नहीं निकल सके। कुछ ही देर में दोनों की पानी में डूबने से मौत हो गई।
पिता को घटना की जानकारी कुछ देर बाद मिली। जब वह मौके पर पहुंचे, तब तक दोनों बच्चों के शव पानी में तैर रहे थे। इसके बाद उन्होंने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चों को खड्ड से बाहर निकाला गया और नौहराधार अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि प्रवीण के केवल यही दो बेटे थे। एक साथ दोनों बच्चों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में किसी तरह की संदिग्ध स्थिति सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
