एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। ननखड़ी और रामपुर क्षेत्र के बागवान एचपीएमसी द्वारा सेब की खरीद बंद किए जाने से भारी परेशान हैं। बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे को लेकर तहसीलदार रामपुर उमेश शर्मा के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा और सरकार के खिलाफ नाराजगी जाहिर की।
भाजपा नेता कौल सिंह नेगी ने बताया कि रामपुर उपमंडल के 12/20, नरेण और ननखड़ी केंद्रों पर बागवानों से सेब की बोरियां नहीं खरीदी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष पहले ही आपदा और ओलावृष्टि के चलते बागवान संकट में हैं और अब एचपीएमसी की निष्क्रियता से उनकी परेशानियां और बढ़ गई हैं।
नेगी ने कहा कि अधिकांश सेब गिरकर सड़ने की स्थिति में पहुंच गए हैं। साथ ही, क्षेत्र में सड़कें बंद होने और मंडियों में उचित दाम न मिलने से किसानों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और एचपीएमसी का यह रवैया बागवानों की सालभर की मेहनत पर पानी फेर रहा है।
भाजपा नेताओं ने सी-ग्रेड सेब की शीघ्र खरीद सुनिश्चित करने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करेंगे।
इस अवसर पर विजय गुप्ता, राम मूर्ति चौहान, श्याम लाल मेहता, यशपाल पालसरा, सुनील नेगी, तिलक राज सहित अन्य कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
