एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) ने HPU B.Com 3rd Year Result 2026 का परिणाम रिकॉर्ड समय में घोषित कर दिया है। 10 मई को संपन्न हुई परीक्षा का परिणाम 2 जून को जारी कर दिया गया। विश्वविद्यालय की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार बीकॉम तृतीय वर्ष परीक्षा में कुल 3,101 विद्यार्थी शामिल हुए थे। इनमें से 2,777 विद्यार्थियों को सफल घोषित किया गया है। परीक्षा का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 97 फीसदी रहा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि इस आंकड़े में कंपार्टमेंट श्रेणी के विद्यार्थी भी शामिल हैं।
जारी मेरिट सूची के अनुसार हमीरपुर स्थित एनएससीबीएम राजकीय महाविद्यालय की छात्रा खुशबू शर्मा ने 9.15 सीजीपीए के साथ प्रदेशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा, ईशिता (डिग्री कॉलेज ऊना) – 9.02 CGPA, रिया शर्मा (मेहर चंद महाजन डीएवी कॉलेज, कांगड़ा) – 8.98 CGPA, श्रेया शर्मा (राजकीय महाविद्यालय ढलियारा) – 8.92 CGPA और अक्षरा रुस्तागी (कांगड़ा) – 8.91 CGPA के साथ पांचवां स्थान हासिल किया है।
समय पर परिणाम से विद्यार्थियों को राहत
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक श्याम लाल कौशल ने बताया कि मूल्यांकन प्रक्रिया और परिणाम संकलन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाए जाने के कारण परिणाम निर्धारित समय से पहले जारी किया जा सका। उन्होंने कहा कि नए शैक्षणिक सत्र में प्रवेश, उच्च शिक्षा और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के मद्देनजर समय पर परिणाम जारी होने से हजारों विद्यार्थियों को अपनी आगे की शैक्षणिक योजनाएं बनाने में सुविधा मिलेगी। विद्यार्थी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी लॉगिन आईडी के माध्यम से बीकॉम तृतीय वर्ष परीक्षा का परिणाम देख सकते हैं।
