एआरबी टाइम्स ब्यूरो | शिमला
राजधानी शिमला के इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में मरीज से मारपीट के मामले में डॉक्टर की बर्खास्तगी के बाद प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर स्थिति गंभीर हो गई है। एक दिन के सामूहिक अवकाश के बाद शनिवार से रेजिडेंट डॉक्टरों के साथ मेडिकल अफसर भी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल का असर प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों, जोनल अस्पतालों, सिविल अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) में साफ दिख रहा है।
आईजीएमसी के पल्मोनरी मेडिसिन विभाग के डॉक्टर राघव निरुला को बर्खास्त किए जाने के फैसले पर रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन (आरडीए) ने कड़ा विरोध जताया है। शुक्रवार को आरडीए ने ओकओवर में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर जांच रिपोर्ट पर सवाल उठाए। इस दौरान मुख्यमंत्री को मारपीट से जुड़ी वीडियो क्लिप भी दिखाई गई और जांच को एकतरफा बताया गया। डॉक्टर संगठनों ने मुख्यमंत्री के समक्ष डॉक्टर की बर्खास्तगी का फैसला वापस लेने, मामले की निष्पक्ष और नए सिरे से जांच कराने, डॉक्टर को जान से मारने की धमकी देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और अस्पतालों में डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों की बातों को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि दोनों पक्षों को ध्यान में रखते हुए उच्च स्तरीय समिति से पूरे मामले की दोबारा जांच करवाई जाएगी।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद रेजिडेंट डॉक्टर एसोसिएशन, मेडिकल अफसर एसोसिएशन और सेमडिकोट की संयुक्त बैठक हुई। इसमें शनिवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया गया। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक वे नियमित सेवाएं, वैकल्पिक ऑपरेशन थियेटर और ओपीडी सेवाएं नहीं देंगे, हालांकि आपात सेवाएं सुचारू रूप से जारी रहेंगी। हड़ताल के चलते हिमाचल प्रदेश के अधिकांश सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। ओपीडी और नियमित ऑपरेशन प्रभावित रहेंगे, जबकि दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को असुविधा होने की आशंका है। हालांकि, स्थिति को संभालने के लिए राज्य सरकार ने अवकाश पर गए डॉक्टरों को तुरंत ड्यूटी पर वापस बुलाने के आदेश जारी किए हैं।
और पढ़ें :
>> IGMC मारपीट मामला: डॉक्टर की बर्खास्तगी के विरोध में आज सामूहिक अवकाश, अस्पतालों में सिर्फ आपात सेवाएं
