एआरबी टाइम्स ब्यूरो
शिमला। जिला प्रशासन शिमला ने अवैध एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 वाहनों से कुल 372 अवैध सिलेंडर जब्त किए हैं। यह कार्रवाई एसजेवीएन कार्यालय शनान के पास स्थित एक गैस एजेंसी के ठिकाने पर गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
जिला दण्डाधिकारी अनुपम कश्यप ने बताया कि सूचना मिलते ही अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर मौके पर भेजा गया। टीम में जिला नियंत्रक खाद्य नागरिक आपूर्ति नरेंद्र धीमान, खाद्य आपूर्ति अधिकारी अनीता ठाकुर, तथा पुलिस विभाग के अधिकारी शामिल थे।
निरीक्षण के दौरान मै. संजीव कुमार गैस एजेंसी, जिसे पेट्रो गैस एनर्जी इंडिया लिमिटेड द्वारा सुपर स्टॉकिस्ट के रूप में अधिकृत किया गया है, के परिसर में भारी मात्रा में अवैध गैस सिलेंडर पाए गए। इनमें 240 भरे हुए (21 किलोग्राम), 116 खाली (21 किलोग्राम), 4 खाली (12 किलोग्राम) और 1 खाली (14.2 किलोग्राम) सिलेंडर शामिल थे। साथ ही 35 प्रेशर रेगुलेटर भी जब्त किए गए।
गैस एजेंसी को भंडारण के लिए उचित लाइसेंस न होने और एलपीजी (रेगुलेशन ऑफ डिस्ट्रीब्यूशन) ऑर्डर 2000 और गैस सिलेंडर रूल्स 2016 का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की गई।
रोहड़ू में भी दबिश, 11 सिलेंडर जब्त
इस कार्रवाई की अगली कड़ी में रोहड़ू उपमंडल में भी निरीक्षण किया गया। एएसआई विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल परमिंदर कुमार, और खाद्य आपूर्ति निरीक्षक रजत देष्टा की टीम ने 11 अवैध सिलेंडर जब्त किए।
सख्त कार्रवाई की चेतावनी
जिला दण्डाधिकारी ने कहा कि यह मामला जन सुरक्षा से जुड़ा हुआ है और इस प्रकार की लापरवाहियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। होटल और ढाबों में सिलेंडर की अवैध आपूर्ति करना आम लोगों की सुरक्षा को खतरे में डालता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
