एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रामपुर पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब झाकड़ी, नोगली और नीरथ में इंटेलिजेंट ट्रैफिक कैमरे लगाए जा रहे हैं, जो अत्याधुनिक तकनीक से लैस होंगे।
इन कैमरों की मदद से ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR), ओवरस्पीडिंग, और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसी गतिविधियों पर नजर रखी जा सकेगी। साथ ही, ट्रैफिक की लाइव मॉनिटरिंग भी संभव होगी, जिससे सड़कों पर अनुशासन बना रहेगा और दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी।
डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह तकनीकी पहल न केवल ट्रैफिक नियंत्रण को मजबूत बनाएगी बल्कि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी सहायक होगी। साथ ही, किसी भी आपराधिक घटना या सड़क दुर्घटना की स्थिति में ये कैमरे जांच में अहम भूमिका निभाएंगे।
यह कदम रामपुर उपमंडल को स्मार्ट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम की दिशा में ले जाने वाला एक अहम प्रयास है, जिससे हिमाचल प्रदेश के अन्य क्षेत्रों को भी प्रेरणा मिलेगी।
