एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव मंडी 2026 के अंतर्गत आयोजित होने वाले ‘वॉयस ऑफ शिवरात्रि’ तथा महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में भाग लेने के लिए नवोदित कलाकारों के ऑडिशन 3 फरवरी से 6 फरवरी तक आयोजित किए जाएंगे। वहीं नृत्य (शास्त्रीय, लोक व समकालीन) के ऑडिशन केवल 7 फरवरी को लिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, स्पेशल चाइल्ड हंट के तहत दिव्यांग बच्चों के लिए गायन व नृत्य दोनों के ऑडिशन 2 फरवरी को आयोजित होंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम उप-समिति के अध्यक्ष एवं अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह ने बताया कि सभी ऑडिशन मंडी के पड्डल मैदान स्थित युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के टेबल टेनिस हॉल में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को समान मंच और अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से स्पेशल चाइल्ड हंट का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वॉयस ऑफ शिवरात्रि के विजेता, उप-विजेता के अलावा बेस्ट स्टेज परफॉर्मर और मोस्ट यूनिक वॉयस को भी आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
उप-मंडलवार ऑडिशन कार्यक्रम
2 फरवरी: स्पेशल चाइल्ड हंट (पूरे जिला के दिव्यांग बच्चे)
3 फरवरी: मंडी सदर, कोटली, बालीचौकी, धर्मपुर
4 फरवरी: बल्ह, सरकाघाट, पधर, जोगिंद्रनगर
5 फरवरी: करसोग, गोहर, सुंदरनगर, थुनाग
6 फरवरी: अन्य जिलों के कलाकार
7 फरवरी: केवल नृत्य (मंडी जिला व अन्य जिले)
पूर्व विजेताओं को मिलेगा सीधा मंच
पिछले वर्ष वॉयस ऑफ शिवरात्रि में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को बिना ऑडिशन के सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति का अवसर मिलेगा।
🥇 गुलशन (सलापड़) – विजेता
🥈 विकास (लुधियाना) – प्रथम रनरअप
🥉 आनंद अनु (करसोग) – द्वितीय रनरअप
आयु सीमा व प्रतियोगिता की शर्तें
आयु: 1 जनवरी 2026 को न्यूनतम 16 वर्ष
केवल एकल गायन मान्य
युगल, समूह गान या सामूहिक प्रस्तुति मान्य नहीं
प्रदेश के सभी जिलों के प्रतिभागी पात्र
सेरी मंच पर होगा फाइनल
वॉयस ऑफ शिवरात्रि का फाइनल मुकाबला महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या के दौरान सेरी मंच पर आयोजित होगा। प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वालों को नकद पुरस्कार तथा अन्य फाइनलिस्ट को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
आवेदन प्रक्रिया
गायन/नृत्य ऑडिशन:
अतिरिक्त उपायुक्त कार्यालय, मंडी
ई-मेल: adcmandi@gmail.com
स्पेशल चाइल्ड हंट:
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास कार्यालय
ई-मेल: dpowcd.mandi@gmail.com
चयन प्रक्रिया व मानदंड
प्रतिभागियों का चयन स्वर गुणवत्ता, सुरों पर पकड़, रीद्म, मंच प्रस्तुति, आत्मविश्वास और मौलिकता के आधार पर किया जाएगा। प्रथम चरण के अंक फाइनल राउंड में मान्य नहीं होंगे। किसी प्रतिभागी के हटने पर अगले अधिक अंक प्राप्त कलाकार को अवसर दिया जाएगा।
महत्वपूर्ण सूचना
ऑडिशन में भाग लेने वाले कलाकारों को यात्रा, ठहराव व खान-पान का व्यय स्वयं वहन करना होगा।
