एआरबी टाइम्स ब्यूरो, मंडी
अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के व्यापक एवं प्रभावी प्रचार-प्रसार को लेकर गठित प्रचार-प्रसार उप समिति की बैठक उप निदेशक सूचना एवं जन सम्पर्क, मध्य क्षेत्र मंजुला कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सहायक आयुक्त (परिवीक्षाधीन) भा.प्र.से. डॉ. मनु वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक में समिति सदस्यों ने महोत्सव को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक पहचान दिलाने के लिए विभिन्न मीडिया माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत चर्चा की। सभी सदस्यों ने इस बात पर सहमति व्यक्त की कि शिवरात्रि मेले में भाग लेने हेतु देव कमरूनाग के अपने मूल स्थान से प्रस्थान की व्यापक कवरेज सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग तथा मीडिया के माध्यम से सुनिश्चित की जानी चाहिए।
सदस्यों ने सुझाव दिया कि मंडी की लोक संस्कृति, शिवरात्रि महोत्सव से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों तथा मेले में उपलब्ध पारंपरिक व्यंजनों का प्रचार आयोजन से पूर्व ही प्रारंभ किया जाए। इसके साथ ही महोत्सव की महत्ता पर आधारित लेख नियमित रूप से प्रकाशित किए जाएं। बैठक में यह भी कहा गया कि मेले के कार्यक्रमों, आमंत्रित कलाकारों, पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां विभिन्न प्रचार माध्यमों के जरिए प्रमुख स्थलों एवं प्रवेश मार्गों पर उपलब्ध करवाई जाएं।
उप निदेशक मंजुला कुमारी ने कहा कि बैठक में प्राप्त सभी सुझावों को मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं उपायुक्त के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मीडिया माध्यमों के प्रभावी उपयोग से अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की महत्ता को देश-विदेश तक पहुंचाने के लिए सार्थक प्रयास किए जाएंगे तथा प्रेस को हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडी शिवरात्रि महोत्सव की ख्याति अंतरराष्ट्रीय स्तर पर है और बदलते परिवेश के अनुरूप इसके प्रचार-प्रसार को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी के सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।
बैठक में जिला लोक सम्पर्क अधिकारी एवं सदस्य सचिव हेमंत कुमार सहित उप समिति के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य तथा सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
