एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज किन्नौर जिला के कल्पा विकास खंड की ग्राम पंचायत रोघी में 77 लाख रुपए की लागत से बने विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय क्षेत्रों सहित संपूर्ण हिमाचल के संतुलित और सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। मंत्री ने रिकांगपिओ में 12 लाख रुपए की लागत से निर्मित स्वयं सहायता समूह उत्पाद विक्रय केंद्र का भी उद्घाटन किया।
लोकार्पित परियोजनाओं में शामिल हैं:
-
10 लाख रुपए से निर्मित युवक मंडल भवन
-
31.35 लाख रुपए की लागत से बना बौद्ध मंदिर
-
17.60 लाख रुपए से तैयार सामुदायिक हॉल
-
11 लाख रुपए की लागत से बना सामुदायिक शौचालय
-
6.50 लाख रुपए से निर्मित जन सेवा केंद्र
उन्होंने बताया कि रोघी ग्राम पंचायत से टापरी तक पुराना हिंदुस्तान-तिब्बत मार्ग, जो राष्ट्रीय उच्च मार्ग-05 से जुड़ता है, को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में साइक्लिंग और साहसिक पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
बागवानी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार बागवानों की आय दोगुनी करने, आधुनिक तकनीक और टपक सिंचाई प्रणाली को प्रोत्साहित करने पर कार्य कर रही है। उन्होंने बागवानों से आग्रह किया कि वे गुणवत्तायुक्त सेब उत्पादन और आधुनिक प्रशिक्षण प्राप्त करें, जिससे बेहतर फसल गुणवत्ता हासिल की जा सके। इस अवसर पर मंत्री ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निपटान के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में एसडीएम कल्पा अमित कल्थाईक, डीएसपी उमेश्वर राणा, पंचायत समिति अध्यक्षा ललिता पंचारस, खंड विकास अधिकारी हिमांशी शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्षा कुमारी सरोज नेगी, ग्राम प्रधान रत्न मंजरी, उपप्रधान पदम चंद सहित अनेक अधिकारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
