एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने किन्नौर जिला के रिकांगपिओ स्थित एकीकृत जनजातीय विकास परियोजना (आई.टी.डी.पी) भवन के सम्मेलन कक्ष में जल शक्ति विभाग के रिकांगपिओ एवं पूह मंडल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में अधिशाषी अभियंताओं द्वारा विभिन्न विकास कार्यों की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्रस्तुत की गई।
कैबिनेट मंत्री ने आगामी बर्फबारी और सर्दी के मौसम को देखते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में पेयजल आपूर्ति निर्बाध बनी रहे। इसके लिए समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जाएं तथा जल भंडारण टैंकों की नियमित सफाई और जल गुणवत्ता की निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
मंत्री ने जल शक्ति विभाग के अंतर्गत लंबित विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन ठेकेदारों द्वारा कार्यों में गुणवत्ता से समझौता या अनावश्यक ढील बरती जा रही है, उनके टेंडर तत्काल निरस्त किए जाएं। साथ ही अधिकारियों को विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण कर ज़मीनी स्तर पर सक्रियता से कार्य करने को कहा, ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक समय पर पहुंच सके।
बैठक में अधिशाषी अभियंता रिकांग पिओ मंडल अभिषेक शर्मा, अधिशाषी अभियंता पूह मंडल बाल कृष्ण, परियोजना अधिकारी आई.टी.डी.पी घनश्याम दास शर्मा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
