एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने आज कल्पा विकास खंड की ग्राम पंचायत तेलंगी में 85 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित पंचायत भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने 14 लाख रुपये की लागत से निर्मित महिला मंडल भवन तरखवा तथा 5 लाख रुपये से बने सामूहिक सेवा केंद्र तेलंगी का भी लोकार्पण किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को 25 जनवरी 1971 को स्वर्गीय प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी द्वारा पूर्ण राज्य का दर्जा प्रदान किया गया था। उन्होंने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
जगत सिंह नेगी ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू किसान एवं बागवान हितैषी हैं। केंद्र सरकार द्वारा विदेशी सेब के आयात शुल्क में कमी किए जाने पर प्रदेश के बागवानों के हितों को केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के समक्ष मजबूती से उठाया गया है तथा बागवानों की आजीविका की रक्षा का पूर्ण आश्वासन दिया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा योजना के साथ छेड़छाड़ कर वंचित एवं उपेक्षित वर्गों के साथ कुठाराघात किया गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि सूचना का अधिकार अधिनियम 2005, बैंकों एवं बीमा क्षेत्र का राष्ट्रीयकरण, वित्तीय समावेशन तथा भूमि अधिग्रहण अधिनियम 2013 तत्कालीन कांग्रेस सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां हैं, जिनसे ग्रामीण क्षेत्रों को व्यापक लाभ मिला।
कैबिनेट मंत्री ने इस दौरान स्थानीय लोगों की जन समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए। ग्राम पंचायत तेलंगी के प्रधान भूपेंद्र नेगी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया।
इसके उपरांत मंत्री ने 27 लाख रुपये की लागत से निर्मित बौद्ध मंदिर, कल्पा का उद्घाटन किया और युवाओं से भगवान बुद्ध के विचारों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बुद्ध के प्रवचन आज के आधुनिक युग में भी पूर्ण रूप से प्रासंगिक हैं।
इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक उमेश्वर राणा, पंचायत समिति कल्पा की अध्यक्षा ललिता पंचारस, जिला परिषद सदस्य हितेश नेगी, जिला कांग्रेस महिला अध्यक्षा सरोज नेगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम नेगी, इंटेक जिला अध्यक्ष मान चंद नेगी, अधिशासी अभियंता जल शक्ति अभिषेक शर्मा, अधिशासी अभियंता विद्युत टाशी छोड़ुप नेगी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ललित जरयाल, खंड विकास अधिकारी हिमाशी शर्मा सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
