एआरबी टाइम्स ब्यूरो, धर्मशाला
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा विधायक दल ने विधानसभा परिसर में जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए सरकार से तुरंत विधायक निधि जारी करने की मांग उठाई। सभी विधायक नेता प्रतिपक्ष के कार्यालय से बैनर और तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए विधानसभा गेट तक पहुंचे।
जयराम ठाकुर ने मीडिया से कहा कि मुख्यमंत्री बजट में विधायक निधि बढ़ाने की घोषणा करते हैं, लेकिन महीनों से निधि का पैसा जारी नहीं किया गया, जिससे विकास कार्य ठप पड़े हैं। आपदा के समय यह निधि तत्काल राहत का साधन थी, जो अब पूरी तरह बंद है। BJP विधायकों द्वारा विभागों को लिखी चिट्ठियों के बावजूद बजट नहीं पहुंचा, जिससे जनता परेशान है।
उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि ट्रेजरी भुगतान रोककर कमीशनखोरी का रैकेट चलाया जा रहा है। सरकार के करीबी लोग ‘सुविधा शुल्क’ लेकर ठेकेदारों के बिल पास करा रहे हैं। जो ठेकेदार रिश्वत नहीं दे पा रहे, उन्हें अपने परिवार और बच्चों की पढ़ाई के लिए कर्ज तक लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सुखविंदर सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और अराजकता बढ़ती जा रही है। ओपीएस प्रकरण पर उन्होंने कहा कि सरकार झूठ फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। BJP विधायकों द्वारा बोले गए बयानों को गलत तरीके से काट-छांटकर ओपीएस से जोड़कर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास गिनाने योग्य एक भी उपलब्धि नहीं, इसलिए झूठ और दुष्प्रचार का सहारा लिया जा रहा है।
पंचायत चुनाव को लेकर मंत्री के जवाब से असंतुष्ट BJP विधायक दल ने सदन से वॉकआउट किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस प्रकार पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने चुनाव से बचने के लिए आपातकाल लगाया था, उसी तरह मुख्यमंत्री सुक्खू पंचायत चुनाव से बचने के लिए आपदा प्रबंधन एक्ट लागू कर रहे हैं, जबकि आपदा प्रभावितों के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए।
उन्होंने सरकार द्वारा अपने तीन साल पूरे होने पर जश्न मनाने पर भी सवाल उठाया और कहा कि प्रशासन की पूरी मशीनरी जश्न की तैयारियों में लगी है जबकि आपदा प्रभावित प्रदेश मदद का इंतजार कर रहा है। कर्मचारी वेतन को लेकर सड़कों पर हैं, पेंशनधारी अपने बिलों के भुगतान के लिए धरने दे रहे हैं, और सरकार जश्न में व्यस्त है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि BJP विधायक दल सदन में किसी मंत्री की बदतमीजी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को अवगत करवाया कि मर्यादा के विरुद्ध आचरण करने वाले मंत्रियों का भाजपा बहिष्कार करेगी।
आपदा राहत पर बोलते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि BJP के कार्यकर्ताओं ने कंधों पर राहत सामग्री उठाकर आपदा प्रभावितों तक पहुंचाई, जबकि कांग्रेस नेता आपदा में ठीक हुई सड़कों के भुगतान अपने नाम करवाने में लगे थे। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अपनी जेब से एक चवन्नी भी नहीं दी, वे किस मुंह से आपदा राहत का हिसाब मांग रहे हैं।
