एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
शिमला के प्रख्यात जाखू मंदिर में अब गर्भगृह के आसपास चांदी से खूबसूरत नक्काशी की जाएगी। सोमवार को उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में आयोजित श्री हनुमान मंदिर न्यास समिति जाखू की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की गई। उपायुक्त ने बताया कि दानकर्ता द्वारा चांदी की नक्काशी करवाने का प्रस्ताव न्यास को दिया गया था, जिसे विचार के बाद स्वीकार कर लिया गया है। नक्काशी के डिज़ाइन को मंजूरी देने का कार्य एसडीएम, न्यास के सदस्य और जिला भाषा अधिकारी संयुक्त रूप से करेंगे। इस पूरी नक्काशी का खर्च दानकर्ता स्वयं वहन करेगा।
बैठक में हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार किए गए 5 करोड़ 67 लाख रुपये के मास्टर प्लान को भी मंजूरी दी गई। इस प्लान में यज्ञशाला, शू हाउस, नए शौचालय, दुकानें और शेड सहित कई आवश्यक सुविधाओं के निर्माण का प्रावधान है। इसके अलावा मंदिर की वेबसाइट निर्माण कार्य की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई। अधिकारियों ने बताया कि वेबसाइट निर्माण अंतिम चरण में है और इसे एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में एसी टू डीसी देवी चंद ठाकुर, संयुक्त आयुक्त नगर निगम भुवन शर्मा, एसडीएम शहरी ओशीन शर्मा, तहसीलदार अपूर्व शर्मा, जिला भाषा अधिकारी अनिल हारटा, न्यास सदस्य कुनाल, अमित शर्मा, पार्षद नरेंद्र ठाकुर, इशू ठाकुर, दीपक कुमार, कपिल शर्मा सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
