एआरबी टाइम्स | जुब्बल
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को जुब्बल उपमंडल के शुराचली क्षेत्र की ग्राम पंचायत रावीं में दो नई संपर्क सड़कों का उद्घाटन किया। इनमें टुरान से हमरान संपर्क सड़क 35 लाख और टुरान से अपर प्रेम नगर संपर्क सड़क 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित हैं। इन दोनों सड़कों को मंत्री ने जनता को समर्पित किया और कहा कि ये सड़कें क्षेत्रीय विकास को और गति देंगी।
इस अवसर पर शिक्षा मंत्री ने स्थानीय जनता और ग्रामवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाले समय में क्षेत्र के विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क और आधारभूत ढांचे का विकास ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी संरचना के विकास को प्राथमिकता देगी। उन्होंने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि शुराचली क्षेत्र से उनका पारिवारिक और भावनात्मक संबंध है। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय ठाकुर रामलाल के समय से ही उन्हें इस क्षेत्र और यहां के निवासियों से प्रेम और आशीर्वाद मिलता रहा है और भविष्य में भी मिलता रहेगा।
लोगों की समस्याएं सुन समाधान का दिया आश्वासन
उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनका समाधान चरणबद्ध तरीके से करने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों को निर्देश दिए कि आने वाले विकास कार्य समय पर पूरे किए जाएं। इस मौके पर युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक कालटा, रावीं पंचायत के पूर्व प्रतिनिधि और कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, एसडीएम जुब्बल गुरमीत नेगी, बीडीओ जुब्बल करण सिंह समेत कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें
>> National Handball Championship: बरेली में हिमाचल की बेटियों का कमाल, यूपी को हराकर जीता खिताब
>> Shimla : बिजली सब्सिडी के लिए 15 अप्रैल से राशन कार्ड-मीटर लिंक जरूरी, जानें पूरी प्रक्रिया
>> Mandi News: होटल में पुलिस की रेड, 22 ग्राम चिट्टा के साथ पंजाब का युवक गिरफ्तार

