एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
जन-जागृति, जन कल्याण और न्याय तक जन-जन की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जनजातीय जिला किन्नौर के मिनी स्टेडियम रिकांगपिओ में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता न्यायाधीश एवं सदस्य सचिव, हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण रणजीत सिंह ने की।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में यह शिविर आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता, युवाओं को नशामुक्त समाज की दिशा में जागरूक करने, पर्यावरण संरक्षण के महत्व, आपदा पीड़ित पुनर्वास और सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देने हेतु आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि निःशुल्क कानूनी सहायता नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। समाज के हर वर्ग को इसके प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने का आग्रह करते हुए कहा कि “देश का भविष्य तभी सुरक्षित रहेगा जब युवा वर्ग स्वस्थ और जागरूक रहेगा।” उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जुलाई से अब तक 11,000 से अधिक पौधे रोपित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण स्वच्छ रखने में योगदान देना चाहिए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण किन्नौर के सचिव जितेंद्र कुमार सैनी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया और युवाओं से नशे से दूर रहने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि कोई भी व्यक्ति टोल फ्री नंबर 15100 पर संपर्क कर निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त कर सकता है। सहायक आयुक्त एवं उपायुक्त किन्नौर डॉ. ओम प्रकाश यादव ने मुख्य अतिथि को किन्नौरी टोपी, शॉल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अधिवक्ता प्रेम लता, विवेक कुमार कोचर, हेड कांस्टेबल शुभकांता, चंद्रपाल नेगी और अधिवक्ता दीपक नेगी ने भी विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक और संगीत प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। इस मौके पर जिला महिला कल्याण परिषद अध्यक्षा रत्न मंजली, उप निदेशक उच्च शिक्षा कुलदीप डोगरा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
