एआरबी टाइम्स ब्यूरो
रामपुर बुशहर। उपमंडल रामपुर के ज्यूरी क्षेत्र में लगातार बारिश के चलते उन्नू नाले में जलस्तर खतरनाक रूप से बढ़ गया है, जिससे भूस्खलन और भूमि धंसाव की घटनाएं तेज़ हो गई हैं। खासकर एनएच-5 से नीचे का पूरा बाजार क्षेत्र भूस्खलन की चपेट में है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, भूमि कटाव के कारण कई घरों और दुकानों में गहरी दरारें आ चुकी हैं। कई लोगों की निजी जमीन भी भूस्खलन की भेंट चढ़ गई है। आईटीबीपी ट्रांजिट कैंप, स्टेट बैंक की शाखा, और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी खतरा मंडरा रहा है। रामपुर मंडल महिला कांग्रेस अध्यक्षा राज कांता, उपप्रधान अरुण शर्मा, और व्यापार मंडल सचिव सुनील शर्मा ने बताया कि स्थिति गंभीर है और यदि समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो पूरे ज्यूरी क्षेत्र को भारी नुकसान हो सकता है।
उन्होंने कहा कि समस्या को लेकर विधायक नंद लाल और एसडीएम रामपुर को मौका भी दिखाया गया है। जिस पर सातवें वित्तायोग अध्यक्ष व विधायक नंदलाल ने बताया कि वन विभाग और भूसंरक्षण अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दे दिए गए हैं। स्थानीय लोग सरकार से स्थायी भूसंरक्षण कार्य और आपदा प्रबंधन उपायों की माँग कर रहे हैं ताकि ज्यूरी को इस संकट से बचाया जा सके।
