एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने मंगलवार को किन्नौर जिला के कल्पा विकास खंड में 4 करोड़ 56 लाख रुपये की लागत से निर्मित जल आपूर्ति योजना का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने लगभग 18 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले बोक्टू कूहल नवीनीकरण कार्य का शिलान्यास भी किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और प्राप्त हुई सभी उचित मांगों के चरणबद्ध समाधान का आश्वासन दिया।
अपने संबोधन में जनजातीय विकास मंत्री ने कहा कि इस जल आपूर्ति योजना से कल्पा, शुदारंग, दूनी, तेलंगी, युवारंगी तथा ख्वांगी पंचायतों के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से सर्दियों के मौसम में लोगों को पेयजल संकट से राहत मिलेगी।
जगत सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार दुर्गम और जनजातीय क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि इन क्षेत्रों के लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ सकें।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पर्यटन स्थल कल्पा के समग्र विकास के लिए प्रदेश सरकार निरंतर प्रयासरत है, जिससे स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार और रोजगार के अवसर घर-द्वार पर उपलब्ध हो सकें तथा स्थानीय उत्पादों को उचित मंच मिल सके।
उद्यान मंत्री ने जानकारी दी कि सीमांत बागवानों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने मंडी मध्यस्थता योजना के तहत एक लाख मीट्रिक टन सेब को 12 रुपये प्रति किलो की दर से एचपीएमसी के माध्यम से खरीदा है, ताकि बागवानों को उनकी फसल का उचित मूल्य सुनिश्चित किया जा सके।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्षा सरोज नेगी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कल्पा प्रीतम नेगी, जिला कांग्रेस महासचिव अधिवक्ता निर्मल चंद्र नेगी, राज्य इंटक उपाध्यक्ष कुलवंत सिंह नेगी, उप पुलिस अधीक्षक उमेश्वर सिंह राणा, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति अभिषेक शर्मा, अधिशाषी अभियंता विद्युत टाशी छोड़ुप नेगी, उपनिदेशक उद्यान डॉ. भूपेंद्र नेगी, जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश धीमान, खंड विकास अधिकारी हिमांशी शर्मा सहित कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
