एआरबी टाइम्स ब्यूरो | धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांगड़ा जिले के तीन दिवसीय प्रवास के दौरान नगरोटा बगवां और धर्मशाला में आयोजित भाजपा की संगठनात्मक बैठकों में सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसी बाहरी दबाव से नहीं, बल्कि अपने ही कुप्रबंधन और कर्ज के बोझ से गिरने वाली है। कांगड़ा एयरपोर्ट पहुंचने पर जयराम ठाकुर का भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद वे रक्षित चौहान के घर पहुंचे, जो रूसी जहाज ‘बेला-1’ में क्रू मेंबर हैं और वर्तमान में अमेरिका द्वारा जहाज सीज किए जाने के कारण संकट में हैं। जयराम ठाकुर ने परिवार को आश्वस्त किया कि भारत सरकार और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर इस मामले पर गंभीरता से नजर बनाए हुए हैं और सुरक्षित वापसी के प्रयास जारी हैं।
सुक्खू सरकार पर कुप्रबंधन का आरोप
जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल के इतिहास में यह पहली सरकार है जो नए संस्थान खोलने के बजाय उन्हें बंद करने का रिकॉर्ड बना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री केवल फीता काटने की राजनीति में लगे हैं और भाजपा कार्यकाल में 2022 में लोकार्पित संजौली हेलीपोर्ट जैसे कार्यों का दोबारा उद्घाटन कर जनता को गुमराह किया जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने अपने पांच साल के कार्यकाल में 19 हजार करोड़ रुपये का कर्ज लिया था, जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने मात्र तीन वर्षों में 40 हजार करोड़ रुपये का अतिरिक्त ऋण प्रदेश पर लाद दिया है। उन्होंने पूछा कि जब विकास कार्य ठप हैं, तो यह पैसा आखिर जा कहां रहा है।
कांग्रेस की अंदरूनी कलह उजागर
कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान पर जयराम ठाकुर ने कहा कि जब वरिष्ठ नेताओं और विधायकों का अपमान होगा और सरकार बदले की भावना से काम करेगी, तो असंतोष स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि जहां सम्मान नहीं, वहां अपमान सहना किसी स्वाभिमानी नेता के लिए संभव नहीं। कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि जनता अब ‘मित्रों की सरकार’ से त्रस्त हो चुकी है और प्रदेश में परिवर्तन तय है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। इस अवसर पर विधायक पवन काजल, पूर्व विधायक विशाल नैहरिया, भाजपा नेता संजय शर्मा, राकेश शर्मा, जिला अध्यक्ष सचिन शर्मा सहित कई नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
