एआरबी टाइम्स ब्यूरो, बिलासपुर
नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने करलोटी क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए करलोटी से एम्स बिलासपुर के लिए नई बस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने इस बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
नई बस सेवा शुरू होने पर ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने उत्साह जताते हुए मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा आम लोगों, खासकर मरीजों और बुजुर्गों के लिए अत्यंत लाभदायक साबित होगी।
मंत्री ने बताया कि बस प्रतिदिन सुबह 7 बजे करलोटी से चलेगी तथा शुक्र खड्ड, छत, बरठीं, सुन्हानी, पनौल और भगेड़ से होते हुए सुबह 9 बजे एम्स बिलासपुर पहुंचेगी। शाम को यही बस 5 बजे एम्स से वापसी करेगी और 7 बजे करलोटी पहुंचेगी। इससे मरीजों और उनके परिजनों को समय पर इलाज के लिए पहुंचने और सुरक्षित वापसी में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने बताया कि यह बस सेवा सात पंचायतों सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को लाभ पहुंचाएगी। अब तक लोगों को एम्स जाने के लिए निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। नई बस सेवा शुरू होने से न केवल समय की बचत होगी बल्कि आर्थिक बोझ भी कम होगा और लोगों को सस्ती व सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलेगी।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सेवा बीमार व्यक्तियों और बुजुर्गों के लिए राहत बनकर आई है। पहले एम्स जाने में समय और वाहन उपलब्धता की समस्या रहती थी, लेकिन अब मरीज आसानी से समय पर उपचार के लिए पहुंच सकेंगे और शाम को बिना परेशानी घर लौट सकेंगे।
कार्यक्रम में एचआरटीसी बिलासपुर के वरिष्ठ प्रबंधक विवेक लखनपाल, पंचायत प्रतिनिधि, ग्रामीण और विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
