एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
रामपुर उपमंडल के सुभाष युवक मंडल, कयाओ द्वारा आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य समापन हुआ। मुख्य अतिथि भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) अध्यक्ष दीप कुमार ने विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुभाष युवक मंडल के प्रधान यशवंत जिस्टू ने की। दीप कुमार ने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास बल्कि अनुशासन और नेतृत्व क्षमता भी बढ़ाते हैं। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं को सामने लाने के महत्व पर जोर दिया।
समारोह में भाजयुमो के उपाध्यक्ष शुभम चौधरी, महामंत्री सुशांत सैनी, सराहन मंडल के उपाध्यक्ष प्रदीप सिंह, सदस्य देवेंद्र सिंह और मीडिया संयोजक मनीष यादव समेत अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। कयाओ, डुगीसेरी और बड़ाभोन की महिला मंडलों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया। स्थानीय जनता ने भी इस खेल आयोजन को उत्सव की तरह मनाया। फाइनल मुकाबला रोमांचक रहा, जिसके बाद ट्रॉफी और नकद पुरस्कार वितरित किए गए। यशवंत जिस्टू और उनकी टीम ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह और हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया।
यह टूर्नामेंट युवाओं को नशे से दूर रखते हुए खेलों से जुड़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का प्रेरक मंच साबित हुआ।
