एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। हिमाचल प्रदेश के बागबानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार की ओर से सेब की बिक्री को लेकर कोई प्रतिबंध नहीं लगाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बागबान अपने उत्पाद को कहीं भी बेच सकते हैं—चाहे वह अपने बागीचे में हो या फिर मंडियों में।
रिकांगपिओ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रहे भाजपा कार्यकर्ताओं के भ्रमक प्रचार पर चिंता व्यक्त की और बागबानों से अपील की कि वे इस तरह के झूठे दावों के जाल में न फंसे।
मंत्री ने कहा, “भाजपा के कुछ कार्यकर्ता बार-बार बागबानों को गुमराह करने का प्रयास करते हैं, जब भी सरकार उनके हित में कोई निर्णय लेती है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि कोई आढ़ती बाग में सेब लेने आता है, तो बागबान यह सुनिश्चित करें कि उसके पास सरकार द्वारा जारी लाइसेंस हो। ऐसा इसलिए जरूरी है क्योंकि कई बार आढ़ती पेमेंट नहीं करते और बागबान ठगे जाते हैं।
जगत सिंह नेगी ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ नेता अमेरिकी सेब पर टैक्स खत्म करने के निर्णय को छुपाने के लिए भ्रम फैला रहे हैं। उन्होंने बताया कि पहले यूएसए से आयात होने वाले सेब पर 75% टैरिफ था, जिसे अब शून्य कर दिया गया है। इसका सीधा असर हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर जैसे सेब उत्पादक राज्यों के किसानों पर पड़ेगा।