एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। जनजातीय जिला किन्नौर में लोगों को सरल, सुगम और सुव्यवस्थित सुविधाएं देने हेतु ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन ग्राम पंचायत सांगला में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि यह पहल सरकार की नीतियों को आम जन तक पहुँचाने और उनकी समस्याओं के समाधान हेतु एक अनुकरणीय प्रयास है।

नेगी ने कहा कि यह कार्यक्रम लोगों को सरकारी योजनाओं से अवगत करवाने और उन्हें योजनाओं का सीधा लाभ देने हेतु प्रदेशभर में चलाया जा रहा है। सांगला, बटसेरी, रक्छम व छितकुल में मल निकासी योजनाएं पूर्ण कर पर्यटन को बढ़ावा देने का आश्वासन भी उन्होंने दिया।
उन्होंने यह भी बताया कि शिपकिला व छितकुल जैसे सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को आरंभ किया जाएगा, जिससे स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो सकेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू जनजातीय एवं दुर्गम क्षेत्रों में गुणात्मक शिक्षा व बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और दिशा में निरंतर प्रयास कर रहे हैं।
कार्यक्रम में:
44 शिकायतें प्राप्त हुई, जिनमें से 29 का मौके पर समाधान किया गया।
विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनियां लगाई गईं व योजनाओं की जानकारी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित शिविर में 110 लोगों का नि:शुल्क उपचार और दवाइयों का वितरण किया गया।
आयुष विभाग ने भी 130 लोगों का इलाज कर मुफ्त दवाएं दीं।
राजस्व व अन्य विभागों से संबंधित प्रमाण पत्र मौके पर वितरित किए गए।
कार्यक्रम में कई प्रशासनिक अधिकारी, जन प्रतिनिधि एवं कांग्रेस पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सोनम नेगी, पंचायत समिति की अध्यक्षा ललिता पंचरास, तथा अन्य शामिल थे।