एआरबी टाइम्स ब्यूरो
किन्नौर। उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार की अध्यक्षता में आज उपायुक्त कार्यालय, रिकांगपिओ के सभागार में जिला समन्वय समिति एवं जिला स्तरीय समीक्षा समिति की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक लीड बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, जिला किन्नौर द्वारा समन्वयित की गई। बैठक में पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों पर हुई प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी विभागों से लंबित कार्यों की रिपोर्ट मांगी और उन्हें समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना जैसे महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गई। डॉ. अमित कुमार ने बैंकों को निर्देश दिए कि इन योजनाओं की जानकारी ग्रामीण व दूरदराज के लोगों तक पहुँचाई जाए ताकि उन्हें योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। उपायुक्त ने खासतौर पर रेहड़ी-फड़ी वालों और वंचित वर्ग के लोगों को सस्ती दरों पर ऋण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक का संचालन पंजाब नेशनल बैंक के लीड बैंक प्रबंधक रोहित सांगवान ने किया। उन्होंने बैंक द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और शिविरों की विस्तृत जानकारी भी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र गुरु लाल नेगी, जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश धीमान, जिला प्रबंधक राज्य सहकारी बैंक किन्नौर मदन चौहान, और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
