एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव का समापन राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी द्वारा किया गया। वहीं जिले के लिए कई विकासात्मक परियोजनाओं का भी शुभारंभ किया। उन्होंने रिकांगपिओ में 10.95 करोड़ रुपये की लागत से बने इंडोर स्टेडियम का लोकार्पण, शारबो में 17.96 करोड़ रुपये के हेलीपोर्ट का शिलान्यास, और 3.44 करोड़ रुपये की लागत से बने सतर्कता विभाग के अतिरिक्त भवन का उद्घाटन किया। मंत्री ने कहा कि नए इंडोर स्टेडियम से युवाओं को खेल प्रतिभा निखारने का उत्कृष्ट अवसर मिलेगा और राज्य सरकार युवाओं को खेलों से जोड़कर नशामुक्त हिमाचल की दिशा में कार्य कर रही है।

राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव के अंतिम दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक संध्या में उन्होंने पारंपरिक महा नाटी (महा क्यांग) में भाग लेकर जिला की संस्कृति से अपने जुड़ाव को दर्शाया।
उन्होंने कहा —
“राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव केवल सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि किन्नौर जिला की अस्मिता, आत्मविश्वास और नई विकास यात्रा का उदघोष है।” महोत्सव के दौरान किन्नौर के पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनियों, स्थानीय और बाहरी कलाकारों की प्रस्तुतियों से संस्कृति और अर्थव्यवस्था दोनों को प्रोत्साहन मिला।

मिस किन्नौर-2025 प्रतियोगिता परिणाम:
विजेता: प्रेरणा नेगी
प्रथम रनर-अप: पलक
द्वितीय रनर-अप: कोमल नेगी
नेगी ने खेल व सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति चिन्ह और नकद पुरस्कार प्रदान किए। साथ ही रेड क्रॉस लक्की ड्रा के विजेताओं की घोषणा भी की गई। कार्यक्रम में उपायुक्त एवं किन्नौर महोत्सव समिति के अध्यक्ष डॉ. अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक शेखर, किनफेड चेयरमैन चंद्र गोपाल नेगी, और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समापन अवसर पर मंत्री ने राज्य स्तरीय किन्नौर महोत्सव का झंडा उतारकर समापन किया। अंतिम सांस्कृतिक संध्या में हार्मनी ऑफ पाइंस, अनुज शर्मा और विशाल सहित स्थानीय कलाकारों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं।
