एआरबी टाइम्स, ब्यूरो, किन्नौर
हिमाचल प्रदेश के जिला किन्नौर में राष्ट्रीय उच्च मार्ग-5 पर मंगलवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। नेसंग झूले के समीप पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन संख्या एचपी-27ए-0772 रिकांगपिओ से गांव सुन्नम की ओर जा रहा था। इसी दौरान नेसंग झूले के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से लगभग 100 फीट नीचे सतलुज नदी के किनारे जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि वाहन चालक प्रवीण सिंह पुत्र स्वर्गीय सुभाष चंद, निवासी गांव सुन्नम, तहसील पूह, जिला किन्नौर की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
