एआरबी टाइम्स ब्यूरो, किन्नौर
जनजातीय जिला किन्नौर के रिकांग पिओ स्थित जिला परिषद सभागार में जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विकास योजनाओं, आय-व्यय अनुमोदन, और 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्राप्त राशि तथा आर.एल.बी टाइड ग्रांट के उपयोग पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
जिला परिषद अध्यक्ष निहाल चारस ने हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन गांवों में बस रूट बंद हैं, उनकी जानकारी स्थानीय लोगों तक समय रहते पहुंचाई जाए ताकि ग्रामीण वैकल्पिक यात्रा प्रबंध कर सकें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को भी निर्देश दिए कि प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रिक्त चिकित्सक पदों को जल्द भरा जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित हो सकें।
बैठक की कार्यवाही का संचालन जिला पंचायत अधिकारी संजय तोमर ने किया। इस अवसर पर उपाध्यक्षा प्रिया नेगी, परियोजना अधिकारी आईटीडीपी घनश्याम दास, मुख्य चिकित्सा अधिकारी राकेश कुमार, जिला विकास अधिकारी प्यारे लाल नेगी, और खंड विकास अधिकारी हिमांशी शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
