एआरबी टाइम्स ब्यूरो
कोटखाई(शिमला) । हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस थाना कोटखाई के अंतर्गत बाघी में पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान 45 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। इस दौरान तीन युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया।
पुलिस चौकी प्रभारी बाघी एएसआई विपिन अपने स्टाफ के साथ गुम्मा के पास गश्त पर थे, जब उन्हें सूचना मिली कि कार संख्या HP55-0031 नारकंडा से बाघी की ओर आ रही है। सूत्रों के अनुसार, इस कार में सनी बड़ाईक, रविंदर ठाकुर और रजत कुमार सवार थे, जो चिट्टा लेकर जा रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और बाघी पहुंचकर नाकाबंदी की। कुछ ही देर में संदिग्ध कार वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रोका और स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में जांच की। तलाशी के दौरान कार से 45 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया।
इस मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी ठियोग सिद्धार्थ शर्मा ने बताया कि तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की गहन जांच जारी है और पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
