एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
जिला शिमला के कोटखाई के तहत गरावग पंचायत के अंतर्गत बड़वी गांव में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे लगी भीषण आग ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया। इस दर्दनाक हादसे में चार मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए और इनमें रहने वाले आठ परिवार एक ही पल में बेघर हो गए। करीब 50 कमरों का पूरा मकान समूह आग की भेंट चढ़ गया। इस भयावह अग्निकांड में करोड़ों रुपये का नुकसान आंका गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसान आग प्रकाश सावंत के मकान से लगी, जिसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और प्रताप सांवत, बालवीर सावंत, सुरेश सांवत, मूरतू देवी पत्नी जोबन दास, राजेंद्र, प्रवीण और अमित के घरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इन सभी का वर्षों की मेहनत से बनाया आशियाना, ज़रूरी दस्तावेज़, गहने, कपड़े और घरेलू सामान सब कुछ पल भर में राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोटखाई से दमकल विभाग की टीम लगभग एक घंटे बाद मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग पूरी तरह फैल चुकी थी। बाद में चमैन, जुब्बल और रोहड़ू से भी दमकल वाहन पहुंचे और देर शाम तक आग पर काबू पाने की कोशिशें चलती रहीं।
हादसे की सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार कोटखाई कलम सिंह चौहान मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को फौरी राहत के रूप में प्रति परिवार 5,000 रुपये की सहायता राशि दी गई है। साथ ही बेघर हुए परिवारों के लिए गांव में ही अस्थायी ठहरने की व्यवस्था तुरंत करवाई गई है।
