एआरबी टाइम्स ब्यूरो, शिमला
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने शनिवार को शिमला ग्रामीण क्षेत्र के कुफरीधार में कुफरीधार से शनोल सड़क का शिलान्यास किया। यह सड़क मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत 2 किलोमीटर 160 मीटर लंबी बनाई जाएगी। परियोजना पर कुल 90 लाख रुपए की लागत आएगी, जिसमें से 20 लाख रुपए की राशि लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी की जा चुकी है।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास को प्राथमिकता दे रही है। शिमला ग्रामीण में इस योजना के तहत अब तक 2.40 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि देव नगर से घनाहट्टी सड़क के मेटलिंग कार्य के लिए 1 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं और यह कार्य दिवाली के बाद आरंभ होगा।
वहीं रूपनाला से थाची बझोल मार्ग को लगभग 8 करोड़ रुपए की लागत से उन्नत किया जा रहा है। पिछले ढाई वर्षों में मंत्री द्वारा विभिन्न मदों के तहत 25 लाख रुपए विकास कार्यों हेतु दिए जा चुके हैं। देव नगर से घनाहट्टी सड़क की मेटलिंग के लिए 01 करोड़ रुपए जारी किए जा चुके है जिसका कार्य दिवाली के बाद शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि रूपनाला से थाची बझोल मार्ग लगभग 8 करोड़ रुपए की लागत से अपग्रेड किया जा रहा है। पिछले ढाई साल के कार्यकाल में विभिन्न मद्दों के माध्यम से 25 लाख रुपए विकास कार्यों के लिए दिए जा चुके है। उन्होंने 05 लाख रुपए विधायक निधि से मूलबरी देवनगर पंचायत के विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लिए देने की घोषणा की।
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की विकास यात्रा का उल्लेख
मंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह ने अपने कार्यकाल में शिमला ग्रामीण क्षेत्र में 1500 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाएं लागू कीं। उन्होंने इस क्षेत्र को विकास की मुख्यधारा में लाने का कार्य किया और अब यह हमारी जिम्मेदारी है कि यह सिलसिला निरंतर चलता रहे।
आपदा से हुए नुकसान और राहत कार्यों का जिक्र
उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में आई भारी बारिश और आपदा से लगभग हजारों करोड़ का नुकसान हुआ है। सरकार ने राहत राशि को बढ़ाकर 1.30 लाख से 7 लाख रुपए कर दिया है। मानसून के थमने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में पुनः निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है।
वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण का निमंत्रण
मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जनता को 13 अक्टूबर को रिज मैदान, शिमला में आयोजित पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उन्होंने शिमला ग्रामीण की सभी पंचायतों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में भाग लें।