एआरबी टाइम्स ब्यूरो
निरमंड(कुल्लू)। जिला कुल्लू के निरमंड विकास खंड के तहत आठ सालों के लंबे अंतराल के बाद दो गढ़ के आराध्य देवता चजाई नाग शरशाह का भद्र मेला इस वर्ष फिर से आयोजित किया जा रहा है। मंगलवार को देव आज्ञा का पालन करते हुए एक बैठक में यह निर्णय लिया गया कि मेला 1 से 7 सितंबर तक मनाया जाएगा। इस बैठक में दो गढ़ क्षेत्र के लगभग 200 लोगों ने भाग लिया।
मेले की शुरुआत देव धुनों और देवलु की पारंपरिक नाटी के साथ की जाएगी। चजाई नाग देवता अपने मूल स्थान चजाया (नोहनू कांडा) जाएंगे, जहां पूजा-अर्चना के बाद मेले की विधिवत शुरुआत होगी।
इसके पश्चात मेला विभिन्न गांवों में आयोजित किया जाएगा, जिसकी रूपरेखा देव परंपरा के अनुसार तय की गई है। इस आयोजन की जानकारी देवता के कारदार बसंत पाल ठाकुर ने साझा की। उन्होंने बताया कि मेला न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह लोकसंस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों को जीवित रखने का माध्यम भी है।
