एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
कुल्लू के विधायक और अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि इस वर्ष कुल्लू दशहरा में रोजगार मेले के आयोजन के साथ एक नया आयाम जुड़ा है। इस मेले ने न केवल युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए, बल्कि हिमाचल प्रदेश सरकार की संवेदनशील और समावेशी सोच को भी उजागर किया।
रथ मैदान में श्रम, रोजगार एवं विदेशी नियोजन विभाग के सहयोग से आयोजित इस मेले के शुभारंभ के अवसर पर ठाकुर ने कहा कि यह मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की नीतियों का परिणाम है, जो विकास के साथ-साथ मानवीय सरोकारों को प्राथमिकता देती हैं। सरकार का उद्देश्य युवाओं को घर के नज़दीक रोजगार उपलब्ध कराना है।
ठाकुर ने कुल्लू के मेहनती और ईमानदार लोगों की सराहना करते हुए कहा कि फल, सब्ज़ी उत्पादन और इको-टूरिज्म जैसी गतिविधियों में उनकी भागीदारी काबिले तारीफ है। उन्होंने कहा कि यह रोजगार मेला उत्सव समिति की अनुकरणीय पहल है और अगले वर्ष इसे और बड़े पैमाने पर आयोजित किया जाएगा, ताकि प्रदेश के युवाओं को रोजगार के और अधिक अवसर मिल सकें।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों पर प्रदेश सरकार युवाओं को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी और आत्मनिर्भर बनाने के लिए विदेशों में रोजगार के अवसर भी प्रदान कर रही है। उन्होंने युवाओं से पासपोर्ट बनवाने की अपील की, ताकि उन्हें विदेशों में भी रोजगार मिल सके। ठाकुर ने सभी कंपनियों से न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने युवाओं को सौर ऊर्जा क्षेत्र में उभरती संभावनाओं की ओर ध्यान देने और आईटीआई शमशी में सौर ऊर्जा विषय में प्रशिक्षण लेने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर उपायुक्त तोरुल रवीश ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि रोजगार मेले में कंपनियों और युवाओं की शानदार उपस्थिति रही। उन्होंने बताया कि मेले में करियर गाइडेंस भी प्रदान किया गया, जिसमें प्रशासनिक सेवाएं, बैंकिंग, शिक्षा और साहसिक खेलों से संबंधित जानकारी दी गई। रोजगार मेले में 34 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। कुल 1,186 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार हुआ और 635 आवेदकों का चयन विभिन्न पदों के लिए किया गया। इसके अलावा 16 स्थानीय नियोक्ताओं ने भी भाग लिया।
इस अवसर पर नगर परिषद् के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत, कृष्ण ठाकुर, अतिरिक्त उपायुक्त अश्वनी कुमार, श्रम एवं रोजगार विभाग के अधिकारी, कंपनियों के प्रबंधक, अभ्यर्थी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
