एआरबी टाइम्स ब्यूरो, कुल्लू
कुल्लू जिले में आबकारी विभाग की टीम ने एक ट्रक को जांच के लिए रोका, जो सीमेंट ले जा रहा था। यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 के तहत की गई। जांच के दौरान ही ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
जांच में ट्रक से 260 बैग सीमेंट बरामद हुए, जिनके बिल और बिल्टी उपलब्ध थे। लेकिन आगे की छानबीन में ट्रक पर लगी तिरपाल हटाने पर वाहन के भीतर एक आयताकार गुप्त केबिन पाया गया। इस केबिन में 146 पेटियाँ ओल्ड मोंक रम छुपाई गई थीं। बरामद अवैध शराब को तुरंत हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम, 2011 की धारा 39 के तहत ज़ब्त किया गया। संबंधित प्राथमिकी दर्ज कर मामला कुल्लू पुलिस विभाग को अग्रिम जांच के लिए सौंपा गया।
इस कार्रवाई का नेतृत्व मनोज डोगरा, उपायुक्त (राज्य कर एवं आबकारी, कुल्लू) ने किया। टीम में फूल चंद राणा (राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी), पंकज राणा (सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी, बंजार), राकेश कुमार (सहायक राज्य कर एवं आबकारी अधिकारी, कुल्लू), आरक्षी खीमा, राम कौंडल, ज्ञान चंद, चूड़ामणि के साथ ड्राइवर पोत राम और सुरेश कुमार शामिल थे।