एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेले 2025 में इस बार सुरक्षा व्यवस्था और भी सख्त की गई है। मेले में दो ड्रोन और 104 सीसीटीवी कैमरे तैनात रहेंगे, जो पूरे मेला क्षेत्र और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। पुलिस उप अधीक्षक नरेश शर्मा ने बताया कि एक ड्रोन रामपुर की सीमाओं पर नजर रखेगा, जबकि दूसरा मेला मैदान और सांस्कृतिक स्थल पर निगरानी करेगा। रामपुर शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखेंगे। इसमें नगर परिषद रामपुर कैमरे भी शामिल है।
उन्होंने बताया कि इस बार रामपुर को जिला कुल्लू से जोड़ने वाले पुलों पर भी पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। चाटी पुल के समीप पुलिस का अस्थायी ठहराव भी बनाया जाएगा ताकि हर संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। पहली बार रामपुर और निरमंड प्रशासन ने संयुक्त रूप से समन्वय बनाने का निर्णय लिया है ताकि मेले के दौरान सुरक्षा, यातायात और अनुशासन बनाए रखा जा सके।
इसके अलावा एनएच पर ट्रैफिक जाम वाले स्थानों पर दुकानें लगाने पर रोक लगाई गई है, विशेषकर मेला मैदान से जुड़ने वाली सड़कों और सफेद ढांक क्षेत्र में दुकानें लगाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन का कहना है कि इस बार लवी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह डिजिटल निगरानी में होगी , ताकि स्थानीय लोग और पर्यटक बिना किसी असुविधा के मेले का आनंद ले सकें।
