एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतरराष्ट्रीय लवी मेला 2025 के स्टॉलों का आबंटन 5 नवंबर से शुरू किया जाएगा। मेले के दौरान दुकानों और स्टॉलों की सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने दो अलग-अलग कमेटियों का गठन किया है। एक कमेटी लवी मेला मैदान में और दूसरी राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (NH-5) पर प्लॉट आबंटन का कार्य करेगी। उपमंडलाधिकारी रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बताया कि स्टॉल आबंटन की प्रक्रिया 10 नवंबर तक पूरी कर ली जाएगी, ताकि 11 नवंबर से पहले व्यापारी अपने स्टॉल सजा सकें और मेला सुचारू रूप से आयोजित हो सके।
लवी मेला मैदान आबंटन कमेटी का समन्वय तहसीलदार रामपुर करेंगे। उनके साथ नगर परिषद रामपुर के कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता, फील्ड कानूनगो रामपुर और नगर परिषद रामपुर के एकाउंटेंट शामिल होंगे।
वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग आबंटन कमेटी का समन्वय तहसीलदार ननखड़ी करेंगे। इस कमेटी में राष्ट्रीय राजमार्ग-5 रामपुर के कनिष्ठ अभियंता, विद्युत बोर्ड रामपुर के कनिष्ठ अभियंता, फील्ड कानूनगो कुमसू और लोक निर्माण विभाग रामपुर के एकाउंटेंट शामिल किए गए हैं। एसडीएम ने कहा कि दोनों कमेटियां तय समय पर आबंटन कार्य शुरू करेंगी ताकि किसी व्यापारी को कोई परेशानी न हो और लवी मेला 2025 का आयोजन सफलतापूर्वक किया जा सके।
