एआरबी टाइम्स ब्यूरो, रामपुर बुशहर
अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले में लगातार मिल रही सबलेटिंग और अनधिकृत दुकानों की शिकायतों के बाद प्रशासन ने आखिर कठोर कार्रवाई का रास्ता अपनाया। बुधवार को एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने अपनी टीम के साथ मेला मैदान का अचानक निरीक्षण किया, जहां कई दुकानदार नियमों को खुलकर धता बताते मिले।
निरीक्षण के दौरान कई व्यापारियों द्वारा अपनी अलॉटेड दुकानों को दूसरे लोगों को चलाने देना, बिना अनुमति दुकानें लगाना तथा गलत पहचान पत्र प्रस्तुत करने जैसी गंभीर अनियमितताएँ सामने आईं। इतना ही नहीं कुछ दुकानें तो अलॉटेड स्थान से अधिक स्थान पर मौके पर पाई गई। प्रशासन ने मौके पर ही सख्त कार्रवाई करते हुए कई एक दर्जन से अधिक दुकानों और संबंधित व्यक्तियों पर कड़ी कार्यवाही भी मौके पर ही की।
एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि सबलेटिंग, अवैध कब्जा और फर्जी दस्तावेज़ों के आधार पर दुकानें चलाने वालों पर किसी भी कीमत पर नरमी नहीं बरती जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि—“मेला व्यवस्था और उसकी गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। नियम तोड़ने वाले व्यापारी मेले की छवि खराब करने के साथ-साथ लोगों को महंगाई का बोझ भी थोपते हैं, जो बिल्कुल अस्वीकार्य है।”
निरीक्षण के दौरान कई व्यापारी अपने आधार कार्ड या पहचान पत्र उपलब्ध नहीं करा सके, जिस पर प्रशासन ने उन्हें तुरंत कार्रवाई की चेतावनी दी। एसडीएम ने सभी दुकान मालिकों को निर्देश दिया कि वे अनुमति पत्र और पहचान पत्र हर समय साथ रखें, अन्यथा उनके विरुद्ध सख्त दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे। प्रशासन का यह अभियान गुरुवार को भी जारी रहेगा, और नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने वाले किसी भी व्यापारी को कठोर कार्रवाई से नहीं बख्शा जाएगा।
